02 अक्टूबर को होगा मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रशासन और पूजा समितियों की बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।कल 02 अक्टूबर को निर्धारित मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर टाउन हॉल, सिदगोड़ा में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) श्री भगीरथ प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) ने पूजा समितियों को अवगत कराया कि सभी विसर्जन घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक तैयारियां प्रशासन की ओर से की जा रही हैं। स्वर्णरेखा नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है और 02 अक्टूबर को ओड़िशा के ब्यांगबिल डैम से पानी छोड़े जाने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की तैनाती, नाव और गोताखोर उपलब्ध रहेंगे।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि दुर्गोत्सव पूरे जिले में हर्ष और समरसता के साथ मनाया जा रहा है। विसर्जन भी सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना प्रशासन और समितियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले 36 घंटे बेहद अहम हैं और इस दौरान पुलिस व दंडाधिकारी अलर्ट मोड में रहेंगे। उपायुक्त ने समितियों से निर्धारित समय और मार्ग से ही प्रतिमा विसर्जन कर सहयोग करने की अपील की।
सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष ने सभी थाना प्रभारी को 02 अक्टूबर की सुबह फ्लैग मार्च कराने और विसर्जन मार्ग पर ड्रोन निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मार्ग में किसी प्रकार की बाधा या निर्माण सामग्री नहीं होनी चाहिए। ऊंची प्रतिमाओं के लिए घाटों के तोरणद्वार की ऊंचाई का मापन कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसर्जन जुलूस में शामिल वाहन तकनीकी रूप से सुरक्षित और फिटनेस प्रमाणपत्र युक्त हों। वाहन चालक किसी भी हालत में नशे में गाड़ी न चलाएं। यदि ऐसा पाया गया तो तत्काल कार्रवाई होगी।
पूजा समितियों ने आश्वासन दिया कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय और मार्ग से ही प्रतिमा विसर्जन करेंगे तथा शांति और अनुशासन बनाए रखेंगे।

