आदित्यपुर में भव्य राजस्थानी शैली का दुर्गा पूजा पंडाल हुआ उद्घाटित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर: श्रीश्री दुर्गा पूजा कमिटी और प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा एम टाईप मैदान में बनाए गए भव्य और आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल का देर शाम उद्घाटन सांसद जोबा मांझी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे नियंत्रित करने में पूजा कमिटी के सदस्यों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इस बार पंडाल में उदयपुर (राजस्थान) के राजमहल और ग्रामीण परिवेश की झलक प्रस्तुत की गई है। पंडाल की ऊंचाई लगभग 70 फीट है और इसे मेचेदा, बंगाल के पार्वती डेकोरेटर अशोक कुमार डे की देखरेख में 60 कारीगरों की टीम ने तैयार किया। कोलकाता के मूर्तिकारों द्वारा मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
विद्युत साज-सज्जा की जिम्मेदारी कोलकाता के बीजू दा लाइट सिस्टम टीम ने संभाली है। पंडाल में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं का सुंदर प्रदर्शन किया गया है।
इस अवसर पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, खरसावां के विधायक दशरथ गगराई, पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, पूजा कमिटी अध्यक्ष अंकुर सिंह, सांसद प्रतिनिधि कालीपद सोरेन, झारखंड क्षत्रीय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

