वर्धमान ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, तीन अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सोनारी थाना क्षेत्र के चर्चित वर्धमान ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने छापेमारी कर तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त देशी पिस्टल, कार और बाइक सहित कई सामान बरामद किए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष सी सी आर डीएसपी मनोज ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई की गई। SIT ने मुख्य अभियुक्त विष्णु शंकर राय को भोजपुरी (बिहार) से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर सौरभ मेहता उर्फ सोनू को माली थाना (औरंगाबाद, बिहार) और सुरज कुमार को हरिहरगंज थाना (पलामू) से गिरफ्तार किया गया। सुरज कुमार की निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त हुंडई अलकाजार कार भी बरामद की गई।
पूछताछ में तीनों अपराधियों ने सोनारी बाजार स्थित वर्धमान ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। विष्णु शंकर राय ने खुलासा किया कि घटना के बाद भागते समय उसने अपना देशी पिस्टल डोभो पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
बरामद सामानों में एक देशी पिस्टल मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस के साथ, एक हुंडई कार (JH01FA7150), दो पल्सर बाइक (JH01CW1973 एवं JH14F2939), तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड फोन शामिल हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरोह कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधियों से जुड़ा हुआ है और शेष अपराधियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उल्लेखनीय है कि 3 सितंबर को दिनदहाड़े अपराधियों ने हथियार के बल पर वर्धमान ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे।

