यूसील संपदा विभाग में मचा हड़कंप, अधिकारी दिलीप कुमार मंडल पर गाज गिरने वाली
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जमशेदपुर, संवाददाता।
यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) का संपदा विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विभाग में करीब 20 साल से पदस्थापित अधिकारी दिलीप कुमार मंडल पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। प्रबंधन ने अब उन्हें हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, नया अधिकारी नियुक्त हो चुका है और जल्द ही मंडल को पद से हटा दिया जाएगा।

बदहाल कॉलोनी, कर्मियों में आक्रोश
संपदा विभाग की जिम्मेदारी कॉलोनी की साफ-सफाई, क्वार्टर, सड़क, नाली और झाड़ी कटाई की है। मगर हकीकत यह है कि कॉलोनी गंदगी से पटी हुई है। टूटी-फूटी खिड़कियां और दरवाजे, जगह-जगह फटे पाइप, ओवरफ्लो होते सेफ्टी टैंक और जर्जर क्वार्टरों ने कर्मियों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई घरों को बांस के सहारे टिकाना पड़ रहा है, जबकि प्लास्टर टूटकर गिरने से हादसे भी हो चुके हैं

करोड़ों खर्च, लेकिन काम घटिया
प्रबंधन हर साल लाखों रुपये कॉलोनी के रखरखाव पर खर्च करता है, पर नतीजा शून्य है। हाल ही में 2 करोड़ की लागत से बनी चारदीवारी घटिया गुणवत्ता के कारण ढह गई। निर्माण के समय ही इस पर सवाल उठे थे, मगर अधिकारियों ने अनदेखी कर दी।

कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही से चोरी और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है। आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। झाड़ी कटाई नहीं होने से कॉलोनी जंगल का रूप ले चुकी है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू और अन्य बीमारियां फैल रही हैं।

अकूत संपत्ति की जांच की मांग
दिलीप कुमार मंडल पर आरोप है कि उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल में अकूत संपत्ति बनाई है। कई फ्लैट और जमीन-जायदाद के मालिक होने की चर्चा है। कर्मियों ने प्रबंधन और उच्च अधिकारियों से उनकी संपत्ति की जांच की मांग की है।

प्रबंधन सख्त, जल्द होगा बदलाव
यूसील प्रबंधन अब विभाग की छवि बचाने के लिए सख्त कदम उठाने के मूड में है। एक वरीय अधिकारी ने बताया कि “नया अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है, मंडल को हटाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अब विभाग की कार्यशैली को सुधारने पर जोर दिया जाएगा।” कर्मियों का कहना है कि यदि इस बार सख्त कार्रवाई हुई, तो ही कॉलोनी की तस्वीर बदलेगी।

