सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक का दूसरा दिन : खेल प्रतियोगिताओं और प्रेरक व्याख्यानों से सजी दिनचर्या
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सोना देवी विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स वीक के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत खेल प्रशिक्षिका कोमल सिन्हा ने विद्यार्थियों को जीवन में खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए की। उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनके योगदान का भी परिचय कराया।

खेल प्रशिक्षक डॉ. अनिल जॉन बिलुंग ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न इनडोर और आउटडोर खेलों की जानकारी दी।
फ्रेशर्स वीक के पहले सत्र में सिस्टर निवेदिता विश्वविद्यालय, कोलकाता के कंप्यूटर विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. राणा मजूमदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन दिया और कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी प्रगति, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), को खतरे के रूप में नहीं बल्कि भविष्य के लिए एक शक्तिशाली उपकरण के रूप में देखने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने, कौशल वृद्धि करने और एआई के माध्यम से वास्तविक समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया।

सोना देवी विश्वविद्यालय की एचआर श्रीमती सोमा पात्रा ने विद्यार्थियों को सहयोग, प्रतियोगिता और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिस तरह खेल में टीमवर्क आवश्यक है, उसी प्रकार जीवन में सफलता के लिए भी सहयोग और प्रतियोगिता की भावना का होना जरूरी है।

दिन भर चली प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

