स्कूल बसों का जिला परिवहन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर दिया जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां। जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेन इंटरनेशनल स्कूल में परिचालित बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान बसों के फिटनेस, परमिट, बीमा, पॉल्यूशन प्रमाणपत्र और चालक-परिचालक से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।

डीटीओ ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी वाहन विधिसम्मत कागजात के साथ परिचालित हों तथा चालक वैध लाइसेंसधारी और नियमावली के अनुरूप हों। साथ ही उन्होंने बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर, सेफ्टी लॉक और परिचालक की उपस्थिति अनिवार्य करने का आदेश दिया।

उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना पर विद्यालय प्रबंधन और बस मालिकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीटीओ महतो ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विद्यालयों को समय-समय पर बसों की जांच कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि परिवहन सेवाएं पूरी तरह सुरक्षित हों।


