सूर्या हांसदा हत्या मामले पर भाजपा का आक्रोश, रिम्स-2 निर्माण को लेकर भी दी सलाह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। गोड्डा में 16 अगस्त को हुई सूर्या हांसदा की नृशंस हत्या को लेकर भाजपा गंभीर रुख अपनाए हुए है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल पहले मृतक के परिजनों से मिला और इसके बाद रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक अमर बाउरी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक अमित मंडल व महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन शामिल हुईं।

भाजपा ने स्पष्ट मांग की कि सूर्या हांसदा को न्याय मिले, दोषियों को कठोर सजा दी जाए और राज्य सरकार तुरंत कार्रवाई करे। इसी दौरान अर्जुन मुंडा ने रिम्स-2 के निर्माण पर भी राज्य सरकार को घेरा और सुझाव दिया कि नॉलेज सिटी के लिए अधिग्रहित 400 एकड़ भूमि पर रिम्स-2 का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह भूमि रांची रिंग रोड से मात्र 22 मिनट की दूरी पर है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और समय पर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।


