लालू प्रसाद यादव से जुड़े सवालों पर उठी बहस क्या मिलेगा जवाब?
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिहार की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल और उनकी राजनीतिक विरासत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर ये प्रश्न जोर पकड़ रहे हैं कि अगर लालू प्रसाद यादव ने यादव समाज के लिए ठोस आर्थिक नीतियां अपनाई होतीं तो बिहार में यादवों की आर्थिक स्थिति आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा या देश के अन्य हिस्सों के यादवों से पिछड़ी क्यों है।

आलोचकों का दावा है कि लालू प्रसाद यादव का कर्पूरी ठाकुर से निजी और राजनीतिक टकराव इतना गहरा था कि वे उन्हें “कपटी ठाकुर” कहकर संबोधित करते थे। वहीं, रेल मंत्री रहते नौकरी के बदले ज़मीन लेने के मामलों में यह भी आरोप है कि इसमें सर्वाधिक लाभ यादव और मुस्लिम समुदाय को मिला।
दलित राजनीति के मोर्चे पर भी सवाल उठे हैं कि अगर लालू यादव ने दलितों की आवाज को बुलंद किया, तो बाबू जगजीवन राम या पूर्व मुख्यमंत्री रामसुंदर दास जैसे नेताओं की उपलब्धियों को क्यों नज़रअंदाज़ किया गया।

मानवाधिकार और अपराध से जुड़े मामलों में भी आरोप लगते रहे हैं। चर्चित चंदा बाबू केस में उनके बेटों को तेज़ाब से नहलाने की घटना हो या अति पिछड़े नेता कॉमरेड चंद्रशेखर (चंदू) की हत्या — आलोचकों का कहना है कि इन मामलों पर लालू यादव ने सार्वजनिक तौर पर कोई ठोस बयान नहीं दिया, बल्कि इन घटनाओं में उनके समर्थकों की संलिप्तता पर भी सवाल उठते रहे हैं।

इन तमाम सवालों के बीच यह देखना होगा कि राजद नेतृत्व या खुद लालू प्रसाद यादव इन आरोपों पर खुलकर सफाई देते हैं या यह बहस यूं ही राजनीतिक गलियारों में तैरती रहेगी।

