सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, विरोध करने पर पुलिस ने हटाया परिजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह थाना अंतर्गत सरजमदा नाला के पास अंचल विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

अंचल विभाग ने पहले ही जमीन की नापी कर वहाँ सरकारी बोर्ड लगाया था, लेकिन पटेल महतो नामक व्यक्ति ने बोर्ड उखाड़कर जमीन पर अवैध रूप से दुकान खोल लिया था। अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि जमीन पूरी तरह सरकारी है और दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह के नेतृत्व में जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के बाद लौट रही टीम का पटेल महतो और परिजनों ने रास्ता रोककर विरोध किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाया और टीम को सुरक्षित रवाना किया।

अंचल विभाग ने चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि अतिक्रमण के मामलों में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


