टुइलाडुंगरी में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान टुइलाडुंगरी निवासी रौशन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार रौशन अपने दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहा था. तभी बाइक सवार अपराधियों ने उसका रास्ता रोका और उस पर फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से रौशन गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद अपराधी फरार हो गए.

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. सूचना पाकर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. शहर में एक बार फिर से फायरिंग की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.


