हर-हर महादेव सेवा संघ की रजत जयंती पर सजेगा भक्ति का महा संगम, मनोज तिवारी करेंगे शिव भजनों की प्रस्तुति
श्रावण की अंतिम सोमवारी पर साकची गुरुद्वारा मैदान में 4 अगस्त को होगा भव्य आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। श्रावण मास की अंतिम सोमवारी 4 अगस्त को हर-हर महादेव सेवा संघ की रजत जयंती (25वां वर्ष) पर साकची गुरुद्वारा मैदान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में देश के लोकप्रिय भजन सम्राट मनोज तिवारी अपनी मंडली के साथ शिव भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलेगा।

संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि आयोजन को लेकर कालीमाटी रोड स्थित संघ कार्यालय में विस्तृत तैयारी बैठक हुई। इसमें मंच, सुरक्षा, पार्किंग व दर्शक प्रबंधन पर चर्चा हुई। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। पिछले वर्षों में इस मंच पर कैलाश खेर, मालिनी अवस्थी, अनूप जलोटा, लखबीर सिंह लक्खा, पवन सिंह, कन्हैया मित्तल जैसे कलाकारों ने प्रस्तुति दी है। इस बार भी आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए बाबा बर्फानी की झांकी, विद्युत सज्जा व भंडारा-प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है।

बैठक में बृजभूषण सिंह, जितेन्द्र चावला, सुखविंदर सिंह निक्कू, राजू मारवाह, धनुर्धर त्रिपाठी, पंकज वर्मा, जयंती रमन, बिट्टू तिवारी सहित कई सदस्य उपस्थित थे। शिव भजन गायक कृष्णमूर्ति ने शिव महिमा से सभी को भावविभोर किया। संघ ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार आयोजन में पहुंचने और बाबा भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करने की अपील की है।

