जादूगोड़ा : सीआरपीएफ डीआईजी रमेश कुमार ने संभाला पदभार, विकास व जनसेवा की दी दिशा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा:सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र जमशेदपुर के नए डीआईजी रमेश कुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने जवानों और अधिकारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सृजित करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही है।

समाजसेवा के लिए जागरूक अभियान की रूपरेखा
रमेश कुमार ने राष्ट्र संवाद से बातचीत में कहा कि सीआरपीएफ केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी निभाएगा। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, और छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग का आयोजन किया जाएगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य को मिलेगी मजबूती
डीआईजी ने जानकारी दी कि कैंप स्थित अस्पताल में जल्द ही आयुष्मान भारत योजना के तहत बाहरी लोगों का इलाज शुरू होगा। साथ ही कैंप परिसर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर जोर
सीआरपीएफ द्वारा शीघ्र ही वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 6250 छायादार व फलदार पौधे लगाए जाएंगे। महिलाओं के लिए ‘निर्मल सदन’ नामक आवासीय क्वार्टर बनाए गए हैं, जहां उन्हें योग, सिलाई, कढ़ाई और अन्य स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण दिए जाएंगे।

जल संकट व बाढ़ से निपटने की पहल
रमेश कुमार ने कहा कि जवानों के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था की जा चुकी है। वहीं, भारी बारिश से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। क्षेत्र की जर्जर पुलिया के निर्माण के लिए भी उपायुक्त व सचिव से संवाद होगा।

जनसंपर्क से होगा गांवों का विकास
उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों, मुखिया और सामाजिक संगठनों से मिलकर गांवों की समस्याओं को समझा जाएगा और उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। इस दौरान डिप्टी कमांडेंट नीरज जायसवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।

