तुलसी भवन में हनुमान चालीसा कंठस्थ पाठ प्रतियोगिता सम्पन्न, 631 विद्यार्थियों ने लिया भाग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन व तुलसी भवन द्वारा आयोजित तुलसी जयंती समारोह के अंतर्गत ‘श्री हनुमान चालीसा कंठस्थ पाठ प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 37 स्कूलों के कक्षा 1 से 7 तक के कुल 631 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के न्यासी अरुण कुमार तिवारी, अध्यक्ष सुभाष चंद्र मुनका, उपाध्यक्ष राम नंदन प्रसाद, मानद महासचिव डॉ. प्रसेनजित तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। प्रतियोगिता चार अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की गई।

निर्णायक मंडल में शहर के साहित्यकार व शिक्षाविदों ने भूमिका निभाई। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक व शहर के बुद्धिजीवी उपस्थित थे।

