पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी में 11वीं के नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए परिचय सह उन्मुखीकरण समारोह सम्पन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी +2 विद्यालय, न्यू बाराद्वारी, जमशेदपुर में आज 11वीं कक्षा में नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए एक परिचय सह उन्मुखीकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत शिक्षिका श्रीमती मेरी ऐन प्रिया द्वारा विद्यालय की भौतिक संरचना, शैक्षणिक वातावरण एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को RAIL परीक्षा, स्मार्ट क्लास, ICT लैब और विद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया।

विद्यालय के प्राचार्य श्री चंद्रदीप पाण्डेय ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नए शैक्षणिक वातावरण को सकारात्मक रूप से अपनाएं और अनुशासित रहकर अपने व्यक्तित्व का विकास करें। इस अवसर पर अतिथि श्री सुमन प्रसाद एवं श्री एन.के. तिवारी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन तथा आत्मविकास से संबंधित मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रख्यात साहित्यकार श्री राजदेव सिन्हा ने विद्यालय द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का संचार होता है। समारोह में उपस्थित सभी 175 विद्यार्थियों के बीच पाठ्यपुस्तकें, डायरी एवं बैच का वितरण किया गया। विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि कक्षा 11वीं की पढ़ाई 14 जुलाई 2025 से औपचारिक रूप से प्रारंभ होगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

