राष्ट्रसंवाद संवाददाता,
साहिबगंज : राजमहल प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अंचलाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूसुफ ने मनरेगा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सौ दिन मानव दिवस, महिलाओं की भागीदारी, बिरसा हरित ग्राम योजना और बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। अंचलाधिकारी ने पंचायतवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बीपीओ श्वेता ने भी मनरेगाकर्मियों को पंचायतों में आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए, जिसमें अभिलेख संधारण, जॉब कार्ड अद्यतन और पंचायत भवनों की स्वच्छता शामिल थी। महिला मानव दिवस और सौ दिन रोजगार में कार्य योजना तैयार करने और उसे धरातल पर उतारने का आदेश भी दिया गया। वहीं, दीदी बाड़ी योजना और रिजेक्टेड ट्रांजिक्शन सुधार की कम प्रगति पर नाराजगी जताई गई और सभी रोजगार सेवकों को फटकार लगाई गई। बैठक में बीपीओ गगन बापू, एई विकास कुमार चौधरी, कनीय अभियंता मोहम्मद एहसानुल जमील, दीप नारायण मंडल सहित अन्य मौजूद थे।

