सिंहभूम कॉलेज चांडिल: ई-कल्याण छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर जिला कल्याण पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) सिंहभूम कॉलेज कमिटी के तत्वावधान में गुरुवार को कॉलेज प्रशासन द्वारा जिला कल्याण पदाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में सत्र 2024-25 के ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना के तहत OBC वर्ग के छात्रों को अब तक छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने पर चिंता जताई गई है।

कॉलेज कमिटी के कोषाध्यक्ष समीर कुमार महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्रों को चार माह पूर्व ही छात्रवृत्ति की राशि उनके बैंक खातों में प्राप्त हो गई है, जबकि OBC छात्रों को अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उन्हें पढ़ाई में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कॉलेज प्राचार्य की अनुपस्थिति में कॉलेज इंचार्ज जे.के. सिंह को यह ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कॉलेज कमिटी के सचिव राजा प्रमाणिक, कोषाध्यक्ष समीर महतो, सदस्य सत्यजीत प्रमाणिक, मृत्युंजय महतो, अमृत सहित अन्य छात्र संगठन के सदस्य उपस्थित थे।

