लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर राजद जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने लिया आशीर्वाद, पार्टी को नई ऊर्जा देने का संकल्प
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार की राजनीति के प्रखर लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन हर वर्ष पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए प्रेरणा का अवसर होता है। इस वर्ष भी, उनके जन्मदिवस पर देशभर से शुभकामनाओं और बधाइयों का सिलसिला चलता रहा। इस खास मौके पर राजद के वरिष्ठ नेता और समर्पित जामताड़ा जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने उनसे मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
दिनेश यादव ने लालू जी से मुलाकात को ‘एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक क्षण’ बताया। उन्होंने कहा, “लालू जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गरीबों, किसानों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज हैं। उनके संघर्षों और उपलब्धियों से हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने की प्रेरणा मिलती है। आज उनके जन्मदिवस पर उनसे मिलकर और उनका आशीर्वाद पाकर मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ।”
इस अवसर पर दिनेश यादव ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा लालू जी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीति और विचारधारा को युवा पीढ़ी तक पहुँचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। “लालू जी ने हमेशा समावेशी राजनीति की बात की है। हम उस विरासत को आगे बढ़ाएंगे,” उन्होंने कहा।मौके पर राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, राजद नेता संजय यादव, पिंन्टु पात्र मौजूद थे।

