
खरसावां : झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने खरसावां विस क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी दशरथ गागराई के पक्ष में फॉरेस्ट ऑफिस मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया. हेमंत सोरेन ने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा व आजसू के बीच अंदरुनी साठगांठ का आरोप लगाया और कहा, इन दोनों ही दलों से सचेत रहने की जरूरत है. आजसू का रिमोट अमित शाह के पास है. उन्होंने कहा कि भाजपा डबल लूट के लिये डबल इंजन की सरकार बनाना चाहती है, परंतु इस चुनाव में भाजपा की इंजन सीज हो जाएगी.उन्होंने कहा कि झामुमो के विरोध के कारण ही रघुवर सरकार सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन नहीं कर सकी. सोरेन ने कहा कि गृहमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कहते हैं कि केंद्र सरकार ने झारखंड को पांच लाख करोड़ रुपया दिया. उन्हें यह भी बताना चाहिये कि यह पैसा कहां गया. पारा शिक्षक, आंगनवाड़ी सेविका, संविदा कर्मियों के मांगों को पूरा करने के स्थान पर लाठी बरसाया गया. राज्य के खनिजों को लूटाने व बाहर के उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिये भूमि बैंक बनाया गया है. लचर कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की आलोचना करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में महिलायें सुरक्षित नहीं है. बलात्कार की घटनाओं में बढ़ौतरी हुई है.

