स्पीड में कार चला रहा था मंत्री बेबी देवी का बेटा, बाइक को मारी टक्कर; 56 साल का ड्राइवर घायल
झारखंड के रामगढ़ जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां शुक्रवार को गोला-चारू बाइपास रांची मार्ग पर ब्रह्मपुत्र मेटालिक प्रा. लि. कमता के पास सड़क हादसे में गोला के बरवाडीह निवासी 56 वर्षीय सेवक महतो घायल हो गए। घायल सेवक महतो की बाइक तेज गति से आ रही मंत्री बेबी देवी के वाहन के चपेट में आ गई थी।
घायल को पहुंचाया गया अस्पताल
मंत्री बेबी के बेटे और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल सेवक महतो को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में भर्ती कराया गया। बीएमएल प्लांट में सेवक महतो चालक के पद पर कार्यरत हैं।
घटना के समय सेवक महतो बाइक से ड्यूटी के लिए बीएमएल प्लांट जा रहे थे। तभी रांची की तरफ जा रही मंत्री के पुत्र की गाड़ी ने बाइक सवार सेवक को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में सेवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।

