पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन: 100 से अधिक लोगों की गई जान, राहत-बचाव कार्य जारी
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प ने बताया कि सुदूर पापुआ न्यू गिनी में शुक्रवार को हुए भूस्खलन में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है।
भूस्खलन की घटना कथित तौर पर दक्षिण प्रशांत द्वीपीय देश की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में एंगा प्रांत के काओकलाम गांव में घटी। यह हादसा स्थानीय समय के अनुसार तड़के 3 बजे करीब हुआ। इलाके के निवासियों का कहना है कि मृतकों की संख्या 100 से अधिक भी हो सकती है। हालांकि अधिकारियों ने इस आंकड़े की पुष्टि नहीं की है।
राहत-बचाव कर्मी यहां लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं। कई शवों को निकाला भी जा चुका है। ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टर एबीसी ने स्थानीय लोगों के हवाले से इस घटना की जानकारी भी साझा की। काओकालम के एक शख्स ने चैनल को बताया कि लोगों के लिए राहत-बचाव कार्य काफी मुश्किल हो रहे हैं। कई भारी पत्थर, पेड़ और पौधे गिर गए हैं। इससे इमारतों को नुकसान पहुंचा और वह भी ढह गईं। इसके चलते शवों को खोजने में काफी मुश्किल आ रही है।
एक और महिला एलिजाबेथ लारुमा ने कहा कि पास की पहाड़ी से मिट्टी और पेड़ों के गिरने से कई घर तबाह हो गए। यह उस वक्त हुआ, जब पूरा गांव गहरी नींद में था। उन्होंने कहा कि गांव के 100 से ज्यादा लोग मलबे में दबे हैं।