जामताड़ा के फतेहपुर झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने बैगपाइपर बैंड के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया
साक्षरता विभाग के द्वारा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत 16 एवं 17 नवंबर को राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन राँची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम होटवार खेलगांव में आयोजित किया गया।
राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता में झारखंड के 24 जिलों से कुल 2500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में जामताड़ा जिले का प्रतिनिधित्व झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय फतेहपुर की छात्राओं ने किया और प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने जिले का नाम रौशन किया। जामताड़ा जिले के फतेहपुर आवासीय विद्यालय की छात्रा अब राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित बैंड प्रतियोगिता में झारखण्ड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। मौके पर विजेता बैंड ग्रुप की लीडर मंजली किस्कू ने कहा कि ये जीत हमारी वार्डेन रश्मि कुमारी और जामताड़ा के निर्णायक मंडली को जाता है, जिनके कुशल मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किए हैं।
विद्यालय की वार्डेन और शिक्षिका ने एक साल तक अनुशासित तरीके से हमें नियमित अभ्यास कराकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है।
जामताड़ा की इस जीत पर जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ गोपाल कृष्ण झा ने कहा कि जिस जामताड़ा को लोग साइबर क्राइम का अड्डा समझते है, वहां की छात्राओं ने लोगों की सोच को बदला और ये साबित किया कि जामताड़ा की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है । जामताड़ा जिले के बच्चे झारखंड के अन्य जिलों से बेहतर प्रदर्शन कर सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त सकती है। उन्होंने जामताड़ा की विजेता बैंड टीम को राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रथम स्थान के लिए प्रेरणा दी।जामताड़ा के जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम ने कहा कि प्रतियोगिता की कठिनता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है इसमें 24 जिलों से निजी और सरकारी विद्यालयों की बैंड ग्रुप शामिल थी जिसमें राजधानी की डीपीएस, कैराली, डीएवी जैसे विद्यालय भी शामिल थे। ऐसी कठिन प्रतियोगिता में जामताड़ा जिले ने बैंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जामताड़ा को गौरवशाली स्थान दिलाया है।
जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ गोपाल कृष्ण झा , जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, ए पी एम अजय कुमार और बंदना भट्ट ने जामताड़ा की इस ऐतिहासिक जीत पर झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय फतेहपुर की विजेता टीम को शुभकामनाएं दी।

