मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कार्डिनल तेलेस्फोर पी० टोप्पो को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज डॉ० कामिल बुल्के पथ, रांची स्थित लोयोला मैदान पहुंचकर कार्डिनल तेलेस्फोर पी० टोप्पो के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने प्रभु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल लोगों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एशोसिएशन (जेसोवा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 2 नवंबर से 6 नवंबर 2023 तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले जेसोवा दिवाली मेला-2023 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। मौके पर जेसोवा की अध्यक्ष श्रीमती मिनी सिंह, वरीय सदस्य श्रीमती रंजना स्वरूप, उपाध्यक्ष श्रीमती नमिता सिंह एवं श्रीमती प्रीति कुमार, सचिव श्रीमती मनु झा, सदस्य श्रीमती जगता कुमार तथा श्रीमती श्रेया चौरसिया उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में खेल-कूद एवं युवा कार्य निदेशालय के डायरेक्टर श्री सुशांत गौरव ने मुलाकात कर 12 अक्टूबर 2023 को मेगा स्पोर्ट्स, कॉम्प्लेक्स, होटवार रांची में आयोजित खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक नकद पुरस्कार राशि (सम्मान राशि) वितरण समारोह 2023 में उन्हें बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।


