चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद, पीएम मोदी इसरो वैज्ञानिकों से करेंगे मुलाकात
आज शुक्रवार को पीएम नरेन्द्र मोदी अपनी दो देशों की यात्रा समाप्त करने के बाद आज भारत लौट रहे है। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के समापन के बाद पीएम मोदी गुरुवार को ग्रीस की यात्रा पर रवाना हो गए थे। ग्रीस से पूर्व निर्धारित यात्रा समाप्त कर सीधे कर्नाटक के बेंगलुरु जाएंगे। वह यहां चंद्रयान-3 मिशन में शामिल इसरो टीम के वैज्ञानिकों से मुलाकात करेंगे।इससे पहले पीएम मोदी ने कहा था कि अगर संभव हुआ तो चंद्रयान-3 की सफलता पर व्यक्तिगत रूप से बधाई देंगे। जिस समय चंद्रयान-3 ने चांद के साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी उस समय पीएम मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में थे।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान ने बुधवार यानी 23 अगस्त, 2023 को चंद्रयान -3 के लैंडर विक्रम को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करा कर इतिहास रच दिया था। इस दौरान पीएम मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम जुड़े रहे और बाद में उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों एवं देशवासियों को दक्षिण अफ्रीका से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया था।
पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद कहा
यह विकसित भारत का शंखनाद है। भारत की यह उड़ान चंद्रयान से भी आगे जाएगी। पीएम ने इस दौरान सूर्य मिशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसरो आदित्य एल-1 मिशन भी लॉन्च करेगा, जिससे सूर्य का विस्तृत अध्ययन किया जा सकेगा। इसके बाद शुक्र और सौरमंडल के सामर्थ्य को परखने के लिए दूसरे अभियान भी शुरू किए जाएंगे। अब चांद से जुड़े मिथक भी बदल जाएंगे। इसके साथ ही नई पीढ़ी के लिए कहावतें भी बदल जाएंगी। पहले कहा जाता था कि चंदा मामा दूर के, लेकिन अब लोग कहेंगे चंदा मामा बस एक टूर के।
चंद्रयान-3 कब लॉन्च हुआ
चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया। यह भारत का तीसरा चंद्र मिशन है।