उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा शशि भूषण मेहरा ने आज फतेहपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण
प्रखंड अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर उपायुक्त ने दिए कई जरूरी दिशा निर्देश
पालाजोरी पंचायत के हाथधरा गांव में उपायुक्त ने बिरसा आम बागवानी योजना का किया निरीक्षण
आज दिनांक 05.08.2023 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री शशि भूषण मेहरा (भा०प्र०से०) ने जिला अंतर्गत फतेहपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर संचालित योजनाओं की भौतिक निरीक्षण किया।
सर्वप्रथम उपायुक्त फतेहपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी फतेहपुर से प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय के आकस्मिक अवकाश पंजी, आगत निर्गत पंजी, सूचना अधिकार पंजी, अंकेक्षण पंजी, वाहन लॉग बुक, जनशिकायत पंजी, पेंशन पंजी, सर्विस बुक की अद्यतन स्थिति सहित विभिन्न दस्तावेजों का जांच कर उसे अद्यतन रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण कर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी से जानकारी ली तथा उचित दिशा निर्देश दिया।
वहीं अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि हस्तांतरण, अवैध जमाबंदी, म्यूटेशन, आगत-निर्गत पंजी, नीलाम पत्रवाद, लगान निर्धारण के मामले, जिला से गए पत्रों के कंप्लायंस, कैशबुक एवं भूमि से संबंधित अन्य मामलों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
वहीं प्रखंड निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने पालाजोरी पंचायत के हाथधरा गांव में बिरसा आम बागवानी योजना का निरीक्षण कर योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी ली एवं संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। वहीं इस दौरान उन्होंने सामुदायिक पुस्तकालय पालाजोरी का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मुकेश बाउरी सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी आदि उपस्थित थे।

