एमजीएम में जल्द शुरू होंगी 7 सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी, अब इलाज के लिए नहीं जाना होगा रांची-कोलकाता
MGM Medical College and Hospital में मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अस्पताल में जल्द ही 7 सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इसके तहत न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्को सर्जरी, ऑन्कोलॉजी, कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसे गंभीर रोगों के लिए मरीजों को नियमित परामर्श और इलाज की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि इन सेवाओं के शुरू होने से कोल्हान समेत आसपास के जिलों के मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए रांची, कोलकाता या महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आर्थिक बोझ भी काफी कम होगा।
जानकारी के अनुसार, कोल्हान क्षेत्र के करीब 200 मरीज प्रतिदिन इन गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख करते हैं, जहां केवल कंसल्टेंसी फीस के रूप में 800 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। एमजीएम में यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होने से मरीजों के लगभग 1.60 लाख से 2 लाख रुपये प्रतिदिन बचेंगे।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में ही पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा, जिससे कोल्हान के स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

