रामनवमी महोत्सव की तैयारी को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की बैठक, 163 लाइसेंसी व 12 गैर-लाइसेंसी अखाड़ों ने लिया हिस्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:रामनवमी महोत्सव की तैयारी और सफलता को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति, जमशेदपुर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन सभागार में सम्पन्न हुई। समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 163 लाइसेंसी एवं 12 गैर-लाइसेंसी अखाड़ा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रामनवमी महोत्सव को सनातन परंपराओं के अनुरूप भव्यता और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अखाड़ों द्वारा भव्य शोभायात्राएँ निकाली जाएँगी। अखाड़ों की शोभायात्रा सह विसर्जन 28 मार्च 2026 को सम्पन्न होगा। आयोजन को शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को भी रखा। इनमें साफ-सफाई, नदी की स्वच्छता, पूजा स्थल के गेट खोलने सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन से पहल करने की मांग की गई। केंद्रीय समिति ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि जमशेदपुर की रामनवमी पूरे झारखंड में अपनी भव्यता और अनुशासन के लिए जानी जाती है, इसलिए सभी अखाड़ा समितियाँ आपसी समन्वय और मर्यादा के साथ महोत्सव को सफल बनाएं। वहीं संरक्षक नीरज सिंह ने शोभायात्रा को पूरी तरह नशामुक्त और अनुशासित वातावरण में निकालने पर जोर दिया।
बैठक का संचालन कोषाध्यक्ष शंभु मुखी ने किया, जबकि प्रमोद तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस दौरान नारायण गोस्वामी अखाड़ा समिति के संचालक अशोक गौड़ के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय समिति के कई पदाधिकारी एवं विभिन्न अखाड़ा समितियों के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।

