नामांकन के सातवें दिन जदयू प्रत्याशी तरबन्ना निवासी शशि कांत कुमार शशि उर्फ अमर कुमार सिंह, लोक जन शक्ति पार्टी के सुरेन्द्र कुमार उर्फ सुरेन्द्र विवेक, आम जन पार्टी (सेक्यूलर) के राजेश सिंह एवं एआईएमआईएम के गोरेलाल राय ने अपना नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ डाॅ उत्तम कुमार के समक्ष दाखिल किया. नामांकन पत्र दाखिल कर निकलने के बाद जदयू

उम्मीदवार ने कहा कि राज्य की जनता केन्द्र में नरेन्द्र मोदी एवं राज्य में नीतीश कुमार के द्वारा जनता के लिये किये जा रहे कामों को देख रही है. उन्होंने कहा कि साहेबपुर कमाल विधानसभा में शिक्षा का स्तर सुधरना एवं किसानों की हालत बेहतर करना मेरी प्राथमिकता में शामिल है. लोक जन शक्ति पार्टी के उम्मीदवार सुरेन्द्र कुमार उर्फ सुरेन्द्र विवेक ने कहा कि बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट पार्टी के मुद्दे को अमलीजामा पहनाने का काम करेगें. खासकर युवाओं के हित एवं क्षेत्र का विकास मेरी प्राथमिकता में शामिल है.

एआईएमआईएम के उम्मीदवार गोरेलाल राय ने कहा कि विगत तीस सालों में क्षेत्र में विकास के कोई कार्य नहीं हुये हैं. हमारी पार्टी न्याय की लडा़ई लड़ती आ रही है. आगे भी लड़ती रहेगी. आमजन पार्टी के उम्मीदवार राजेश सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी क्षेत्र का सर्वागीण विकास को लेकर चुनाव में उतरी है. नामांकन के दौरान विधान पार्षद रजनीश कुमार,

भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष भूमिपाल राय, जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पु, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जदयू के मृत्युंजय कुमार, रामानुराग सिंह, मो अब्दुल्लाह, भाजपा नेता राजेश अम्बष्ट, राकेश रौशन उर्फ मुन्ना, ललन सिंह सहित दर्जनों भाजपा एवं जदयू कार्यकर्ता मौजुद थे. इस संबंध में निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ डाॅ उत्तम कुमार ने बताया कि गुरूवार को चार उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कराया है. जिसमें जदयू के शशि कांत कुमार शशि, लोजपा के सुरेन्द्र कुमार, एआईएमआईएम के गोरेलाल राय एवं आम जन पार्टी के राजेश सिंह के नाम शामिल है.

