नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार को हार्ट अटैक की वजह से दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। कई बड़े नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया है। सुषमा स्वराज के निधन के बाद ताजा अपडेट…
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘सुषमा स्वराज के निधन के बारे में जानकर बेहद स्तब्ध हूं। देश ने एक प्यारा नेता खो दिया है जो सार्वजनिक जीवन में गरिमा, साहस और निष्ठा का प्रतीक था। दूसरों की मदद के लिए वह हमेशा तैयार रहती थीं। भारत की जनता की सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।’
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पार्थिव देह बुधवार को तीन घंटे के लिए भाजपा मुख्यालय में रखी जाएगी जहां पार्टी कार्यकर्ता और नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी सुषमा के घर पहुंचे और अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
सुषमा स्वराज नायडू को अपना भाई मानती थीं और राखी के दिन बहन का धर्म भी निभाती थीं।
भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुषमा को घर जाकर श्रद्धांजलि दी।
सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, श्रद्धांजलि देने के लिए सैकड़ों लोग घर के बाहर मौजूद।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा स्वराज के निधन पर सोशल मीडिया में ट्वीट करके उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। उन्होंने लिखा ‘भारतीय राजनीति का चमकता अध्याय खत्म हुआ।’
भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का 2016 में गुर्दा प्रतिरोपित किया गया था और स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था।