नई दिल्ली: दिल्ली की लाइफलाइन बन चुकी मेट्रो एक नया आयाम छूने वाली है. इसमें सात मंजिल ऊंचा मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा. यह मेट्रो का अब तक का सबसे ऊंचा स्टेशन होगा. इसकी ऊंचाई 23.5 मीटर होगी. मिली जानकारी के मुताबिक चौथे फेज में मेट्रो इस नई ऊंचाई को छुएगी. हैदरपुर बादली मोड़, जहां चौथे फेज का कार्य सोमवार को शुरू हो गया है वहां मेट्रो का सबसे ऊंचा स्टेशन बनेगा जिसके प्लेटफॉर्म की ऊंचाई 23.5 मीटर होगी. इसे आप सात मंजिल जितना ऊंचा मान सकते हैं. 2022 तक यह स्टेशन तैयार हो जाएगा. यह स्टेशन जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर का हिस्सा है. इसकी लंबाई 28.9 किलोमीटर है.यह मजेंटा लाइन (बॉटेनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट) का एक्सटेंशन है. इस पूरे कॉरिडोर में 22 स्टेशन हैं. फिलहाल मयूर विहार फेस 1 स्टेशन सबसे ऊंचा प्लेटफॉर्म है. इसकी ऊंचाई 22 मीटर है. यह स्टेशन पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) पर है. इससे भी पहले कड़कड़डूमा स्टेशन सबसे ऊंचा था. पिंक लाइन के इस स्टेशन की ऊंचाई 20 मीटर थी. पिंक लाइन पर ही Metro का सबसे ऊंचा पॉइंट भी है. यह धौला कुआं पर है, जहां मेट्रो लाइन एयरपोर्ट लाइन को क्रॉस करती है. इसकी ऊंचाई 23.6 मीटर है.
