राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के सालगाडीह गांव में महुआ शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सालगाडीह निवासी छूटू लोहार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम छूटू लोहार मानिक मंडल के घर शराब पीने गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मानिक मंडल ने गर्म पानी फेंकने के बाद पत्थर और लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे छूटू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और हत्या की पुष्टि की जा सकेगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।

