राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी-हेसालोंग स्टेशन के बीच करारगामा गांव के समीप रेलवे अंडरपास के पास गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस हादसे में शामिल ट्रेन और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
बताया गया कि चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और कुछ दिन पहले ही बाहर से काम कर गांव लौटा था। उसकी मां विधवा हैं। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

