राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची–चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-75ई) को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना अंतर्गत दूधकुंडी गांव निवासी सुमित्रा जामुदा रविवार सुबह करीब 6:30 बजे सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान चाईबासा से चक्रधरपुर की ओर तेज रफ्तार से आ रही एक मैक्स पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर महिला की मौत की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर उतर आए और एनएच-75ई पर पेड़ और पत्थर रखकर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण रांची-चाईबासा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था ठप हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि मृतका के परिजनों को दिलाई जाएगी तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि बीमा प्रक्रिया के तहत भी पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद मिल सके। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का आक्रोश जारी था और प्रशासन लगातार लोगों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास कर रहा था।

