कोलकाता, 15 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गा पूजा आयोजकों से सनातनी परंपराओं का पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी सरकार धार्मिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने वालों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को दक्षिण कोलकाता के बेहाला में एक प्रमुख दुर्गा पूजा कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस साल पश्चिम बंगाल में 58,000 दुर्गा पूजा आयोजित की जा रही हैं, जो पिछले साल की तुलना में 13,000 अधिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार उन पूजा आयोजकों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हैं और पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखते हैं। देवी की पूजा करते समय श्रद्धालुओं को धर्मग्रंथों का पालन करना चाहिए। सनातनी परंपराओं का पालन करें।”
शुभेंदु ने त्योहार को बढ़ावा देने के लिए अपनी सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘पिछली सरकार दशमी के बाद रेड रोड पर दुर्गा पूजा कार्निवल आयोजित करती थी, लेकिन हमने इस परंपरा से हटकर महालया के दिन देवी का आह्वान करने के लिए ईडन गार्डन्स में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया।’’
बाद में उन्होंने न्यू अलीपुर में ‘‘जय श्री राम’’ और ‘‘जय मां दुर्गा’’ के जयकारों के बीच सुरुचि संघ की दुर्गा पूजा का भी उद्घाटन किया।

