राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल नीमडीह प्रखंड तिल्ला पंचायत के सिरका बड़तल रोड साइड गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए बनी जलमीनार करीब दो वर्षों से बंद पड़ी है। इसके कारण ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए चापाकलों और अन्य जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। गर्मी के दिनों में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार की मरम्मत और जलापूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने पंचायत व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्रामसभा की बैठक बुलाकर बंद जलमीनार की शीघ्र मरम्मत कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में मुखिया का पक्ष नहीं मिल सका है।

