रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 17 स्थित इंद्रा बस्ती में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दवा पिलाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष पोलियो कैंप का उद्घाटन स्थानीय वार्ड पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा ने किया। उन्होंने अभियान की शुरुआत करते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अभियान को सफल बनाने में सेविका अवधेश देवी, बांती गोप, सहिया सेणुका गोप तथा बीएलओ (BLO) की अहम भूमिका रही। टीम ने इंद्रा बस्ती में कैंप लगाकर पात्र बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई और लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक भी किया। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ कैंप पहुंचे और उन्हें पोलियो की खुराक दिलाई। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम और वार्ड पार्षद नीतू शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

