वंदे भारत एक्सप्रेस में धुआं उठने से मचा हड़कंप, टुनिया स्टेशन के पास तकनीकी जांच तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
हावड़ा–राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस (20871 अप) में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया स्टेशन से गुजरते वक्त ट्रेन के एक कोच के नीचे से धुआं उठता हुआ देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में सतर्कता बढ़ा दी गई और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यह धुआं ब्रेक बाइंडिंग, हॉट एक्सेल अथवा कोच के नीचे लगे बैटरी बॉक्स में आई किसी तकनीकी खराबी के कारण उठा हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंचे और संबंधित कोच की गहन जांच की। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कोच का निरीक्षण किया गया और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण सभी मानक प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत तकनीकी जांच जारी है और प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

