विकास योजनाओं में तेजी लाएं, लंबित मामलों का समय पर करें निष्पादन : उपायुक्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें विकास योजनाओं की प्रगति, विभागीय समन्वय और लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने, जनहित से जुड़े कार्यों में तत्परता बरतने और विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं तकनीकी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

