एक्सएलआरआई में समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट संपन्न, सभी 587 विद्यार्थियों को मिला इंटर्नशिप का अवसर
106 कंपनियों ने दिए 594 ऑफर, 32 नई कंपनियां पहली बार हुईं शामिल; सर्वाधिक मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 14 अक्टूबर। एक्सएलआरआई-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने वर्ष 2026-28 बैच के पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और पीजीडीएम (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) के विद्यार्थियों के लिए समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर कैंपस के कुल 587 विद्यार्थियों ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया। सभी विद्यार्थियों को इंटर्नशिप मिल गई है। कुल 106 कंपनियों और भर्ती करने वाली संस्थाओं ने 594 इंटर्नशिप ऑफर दिए। इनमें 32 नई कंपनियां शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर एक्सएलआरआई के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-28 बैच के सभी विद्यार्थियों को इंटर्नशिप मिलना संस्थान के लिए गर्व की बात है। कंसल्टिंग, उपभोक्ता वस्तुओं, प्रौद्योगिकी और वित्त समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने एक बार फिर एक्सएलआरआई के विद्यार्थियों पर भरोसा जताया है। इस वर्ष 32 नई कंपनियों के जुड़ने से संस्थान के कार्यक्रमों की बढ़ती पहुंच का पता चलता है।

