राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग और लाइसेंसी हथियार के खुलेआम प्रदर्शन का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। ठेकेदार कृष्ण गोपाल पिंटू द्वारा पिस्टल से फायरिंग करने और दुल्हन के हाथों में हथियार थमाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला के एसडीपीओ समीर सवैया ने जांच के आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि आर्म्स लाइसेंस केवल आत्मरक्षा के लिए होता है, न कि दिखावे या हर्ष फायरिंग के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में आर्म्स एक्ट के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की जाएगी। वायरल वीडियो में समारोह के दौरान नियमों की खुलेआम अनदेखी नजर आ रही है, जिससे प्रशासनिक सतर्कता और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में उपायुक्त द्वारा संज्ञान लेने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी, लेकिन अब पुलिस के सख्त रुख के बाद दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

