जमशेदपुर में चावल व्यापारी से मारपीट व लूट, परसुडीह थाना क्षेत्र में फिर दिखा अपराधियों का दुस्साहस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। छोटा हनुमान मंदिर के पास महाकाल ट्रेडर्स के मालिक और चावल व्यापारी अमित सिंह के साथ कुछ युवकों ने बीच सड़क पर विवाद करते हुए मारपीट की और उनके हाथ की अंगूठी व गले से सोने की चेन लूट ली।

पीड़ित अमित सिंह ने बताया कि आरोपित युवक सड़क पर अपनी गाड़ी खड़ी किए हुए थे। जब उन्हें हटाने को कहा गया, तो वे गाली-गलौज पर उतर आए और विरोध करने पर हमला कर दिया। पीड़ित ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि आरोपित युवक हलूदबानी क्षेत्र के निवासी हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि परसुडीह पुलिस इस घटना पर कब तक कार्रवाई करती है या फिर यह भी एक और अनसुलझी शिकायत बनकर रह जाएगी।



