*वैन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
*एनएच-18 पर बेड़मा के समीप दुर्घटना, दोनों की हालत गंभीर, वैन चालक फरार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर बेड़मा के पास मंगलवार रात पिकअप वैन और बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घायलों की पहचान बलरामपुर थाना क्षेत्र के आमटाड़ गांव निवासी बकुल मुर्मू और मंगल मुर्मू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बाइक से बलरामपुर से अयोध्या पहाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेड़मा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही पिकअप वैन की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बलरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बांसगढ़ अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को पुरुलिया के देबेन महतो सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद चालक के फरार होने से पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

