सोनारी में महिला से पर्स छीनने वाले दो स्नैचर गिरफ्तार, स्कूटी और लूटा गया सामान बरामद
राष्ट्र संवाद संवादाता
शहर में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं के बीच सोनारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महिला से पर्स छीनने की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा निवासी मो. आरजू और बिष्टुपुर निवासी मो. वसीम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी तथा छिनतई का सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 23 जून को टेल्को निवासी रोसलिन राज टीचर ट्रेनिंग के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सोनारी थाना क्षेत्र के जी रोड में स्कूटी सवार दो युवकों ने उनके हाथ से पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने सोनारी थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मो. आरजू का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सोनारी पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस अन्य मामलों में भी दोनों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

