राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चांडिल प्रखंड क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को विधायक सविता महतो ने बानसा पहाड़पुर एवं उरमाल में विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर दोनों सड़कों का शिलान्यास किया।
करीब तीन करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से कुल करीब चार किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
बानसा पहाड़पुर से लकरागोड़ा तक 1.80 किलोमीटर सड़क का निर्माण एक करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से होगा। वहीं, एनएच-33 उरमाल से डुंगरीडीह भाया डुबूडीह-हेरेमदा तक 2.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण एक करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
शिलान्यास के दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि दोनों सड़कें ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने संवेदक को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
मौके पर विभाग के कनीय अभियंता दिनेश महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, पशुपति महतो, लम्बोदर महतो, बुद्धेश्वर महतो, अरुण महतो, अजीत सिंह मुंडा, अनिल महतो, विनय लोहार, योगेश्वर महतो, विजय कृष्ण महतो, मुखिया भीम सिंह मुंडा, राहुल वर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे।

