टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू) को जमशेदपुर इंडस्ट्रियल टाउनशिप कमेटी में मिली जिम्मेदारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण नियुक्ति में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी को जमशेदपुर इंडस्ट्रियल टाउनशिप कमेटी (जीआईटीसी) में लोकल टाउन रिप्रेजेंटेटिव के रूप में मनोनित किया गया है।
इस संबंध में एक आधिकारिक ईमेल के माध्यम से टाटा वर्कर्स यूनियन को जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया है कि यूनियन अध्यक्ष को जीआईटीसी में स्थानीय प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किया गया है। यह नियुक्ति यूनियन अध्यक्ष के पद पर रहते हुए स्वतः प्रभावी मानी जाएगी।
संजीव चौधरी ने कहा:-
“यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मुझे इंडस्ट्रियल कमेटी में प्रतिनिधित्व का अवसर मिला। मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश करूंगा कि श्रमिकों की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुना जाए, बल्कि उसका प्रभावी समाधान भी निकाला जाए। हमारा प्रयास रहेगा कि मज़दूर और प्रबंधन के बीच संवाद बेहतर हो, और हर निर्णय में पारदर्शिता हो।”
ज्ञात हो कि झारखंड सरकार की कैबिनेट की मंज़ूरी के बाद जीआईटीसी का गठन किया गया है, जो जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के स्थान पर काम करेगा। अब जेएनएसी का संचालन जीआईटीसी के अधीन होगा।
जीआईटीसी में जिले के उपायुक्त, टाटा स्टील के प्रतिनिधि, और अन्य प्रमुख अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। इस समिति का उद्देश्य टाउनशिप के प्रबंधन और विकास कार्यों में संगठित एवं समन्वित रूप से निर्णय लेना है।
संजीव चौधरी की इस नियुक्ति को औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे श्रमिकों के हितों की बेहतर प्रतिनिधित्व की उम्मीद की जा रही है।

