बारिगोड़ा में दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से 9 महीने के मासूम की मौत, बहन घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 22 सितंबर। परसुडीह थाना क्षेत्र के बारिगोड़ा देवगम टोला में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। घर के पास गिट्टी उतार रहे टेंपो के बैक करने के दौरान दीवार गिर गई, मलबे में दबकर 9 महीने के आशीष करूवा की मौत हो गई, जबकि उसकी 8 वर्षीय बहन लक्षिता गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन दोनों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। लक्षिता का पैर टूट गया है और उसका इलाज जारी है। मृतक के पिता सुखराम करूवा लाफार्ज कंपनी में ठेका मजदूर हैं।
परिजनों का आरोप है कि सड़क पर गिट्टी गिराने और संकरी जगह में जबरन टेंपो बैक करने से हादसा हुआ। सूचना पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और टेंपो व चालक को हिरासत में ले लिया। इलाके में मातम का माहौल है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

