बड़ी गोरा रेल फाटक पर दर्दनाक हादसा, 16 वर्षीय किशोरी की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी गोरा रेल फाटक पर एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय स्कूटी सवार किशोरी अंजली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी गोरा रेल फाटक बंद होने के कारण रहार गोरा से साकची की ओर चलने वाली भोले शंकर बस फाटक के पास खड़ी की गई थी। इसी दौरान बस चालक और खलासी चाय पीने के लिए बस छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि बस में हैंड ब्रेक या बैक गियर नहीं लगाया गया था, जिसके कारण बस अचानक लुढ़क गई और पीछे खड़ी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में स्कूटी सवार अंजली कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय रिश्तेदार बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बड़ी गोरा रेल फाटक को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतका के पिता ने बताया कि अंजली तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और परिवार की रीढ़ थी। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं झामुमो के ओडिशा प्रदेश महासचिव दुबराज नाग ने आरोप लगाया कि रहारगोरा से साकची मार्ग पर चलने वाली अधिकांश बसें अनफिट हालत में हैं, बावजूद इसके उन्हें सड़कों पर चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण आज यह बड़ा हादसा हुआ है। उन्होंने सभी बसों की जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ीगोरा फाटक पर अंडरग्राउंड ब्रिज नहीं होने के कारण आए दिन लोग घंटों फंसे रहते हैं और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। रेलवे से कई बार अंडरग्राउंड ब्रिज बनाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी मांग को लेकर लोगों ने रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया।
फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासन मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर प्रशासन और परिवहन व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है। सवाल यह है कि क्या इस हादसे के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर ऐसी घटनाएं यूं ही दोहराई जाती रहेंगी।

