दुर्गा पूजा पर ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर नो-एंट्री
*21 अक्टूबर तक अलग-अलग समय में प्रतिबंध, जरूरी सेवाओं के वाहनों को छूट*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। उपायुक्त कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 21 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न मार्गों पर निर्धारित समय में मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
आदेश के तहत आदित्यपुर टोल मोड़ से खरकाई पुल तक 21 अक्टूबर तक 24 घंटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सरायकेला-चाईबासा मार्ग पर भाजपा कार्यालय के पास, राजनगर मार्ग के बाइपास रोड और विसर्जन घाट से आगे 19 अक्टूबर तक सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक नो-एंट्री रहेगी। इन मार्गों पर बसों का परिचालन जारी रहेगा।
वहीं, गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा, संपूर्ण शहरी क्षेत्र तथा चांडिल बाजार से नीमडीह थाना तक 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह छह बजे तक मालवाहक वाहनों पर रोक रहेगी। 20 और 21 अक्टूबर को सरायकेला के निर्धारित मार्गों और शहरी क्षेत्र में सुबह छह बजे से प्रतिमा विसर्जन संपन्न होने तक मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। चांडिल बाजार से नीमडीह थाना तक 20 और 21 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से रात दो बजे तक भारी वाहन नहीं चलेंगे।
इन वाहनों को छूट: आदेश के अनुसार, पानी के टैंकर, पेट्रोल-डीजल टैंकर, एलपीजी गैस आपूर्ति करने वाले तथा आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। निर्धारित मार्गों पर बसों के परिचालन की भी अनुमति रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय और यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

