ड्यूटी पर तैनात जवान को कार से कुचलने की कोशिश मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जमशेदपुर में ड्यूटी पर तैनात जवान को कार से कुचलकर हत्या की कोशिश के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
यह घटना 3 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि कदमा टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास की है, जहां ड्यूटी पर तैनात जवान हीरालाल महतो पर अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से कार चढ़ाकर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज फिलहाल जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी शामिल हैं, जो सभी पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
डीएसपी हेडक्वार्टर-2 मनोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस से नाराजगी के चलते आरोपियों ने आपस में साजिश रचकर जवान को कार से कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


