साधु बनकर ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, महिला से ठगा गया सोने का जेवर बरामद
राष्ट्र संवाद संवादाता
हजारीबाग: साधु का वेश धारण कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक महिला से ठगा गया सोने का जेवर भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने साधु का भेष बनाकर एक महिला को अपने जाल में फंसाया और धार्मिक आस्था का लाभ उठाकर उससे सोने के आभूषण ठग लिए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से महिला के ठगे गए सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हजारीबाग पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल मामले का खुलासा हुआ, बल्कि आम लोगों से अंधविश्वास और अनजान लोगों के झांसे में न आने की भी अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

