झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की पहली कार्यसमिति बैठक 31 अगस्त को जमशेदपुर में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की प्रथम कार्यसमिति की बैठक का भव्य आयोजन रविवार, 31 अगस्त 2025 को पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में रीवाह रिज़ॉर्ट एंड बैंक्वेट, एनएच-33, जमशेदपुर में किया जाएगा। बैठक का संचालन प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा, जिसकी तैयारी जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में की जा रही है। बैठक का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे से होगा।

इस बैठक में प्रांतीय परामर्शदात्री समिति सदस्य, संरक्षक मंडल सदस्य, प्रांतीय पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड के विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और सचिव आमंत्रित किए गए हैं। सभी जिलों के प्रतिनिधियों का एक ही मंच पर एकत्रित होना संगठन की मजबूती और मारवाड़ी समाज की एकजुटता का प्रतीक होगा।

पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि प्रांतीय स्तर की इतनी महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन जमशेदपुर में हो रहा है। बैठक में समाजहित के मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों, सामाजिक सरोकारों और संगठन की दिशा एवं कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।


